Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

हिमाचल प्रदेश में Anurag Sharma की संपत्ति पर गरमाई सियासत

                                                Bharatiya Janata Party ने उठाए सवाल

शिमला, ब्यूरो रिपोर्ट 

निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए अनुराग शर्मा की संपत्ति पर सियासत गरमा गई है। जहां भाजपा का आरोप है कि अनुराग शर्मा आम आदमी नहीं हैं, बल्कि उनके शपथपत्र में 230 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का जिक्र है, वहीं कांग्रेस का कहना है कि आम आदमी क्या करोड़पति नहीं हो सकता है। यह झूठा प्रचार है।

नवनिर्वाचित सांसद के इस संपत्ति विवाद पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू में सोमवार को खूब वार-पलटवार हुए। इधर, इस मामले में अनुराग शर्मा ने दो टूक कहा कि उनकी संपत्ति पैतृक है। वह पिता के कारोबार को संभाल रहे हैं। उन्हें अभी यह जानकारी नहीं है कि किसी ने उनके खिलाफ शिकायत की है। शपथ पत्र में कुछ गलत नहीं। कोई शिकायत करना चाहता है तो कर ले, वह किसी से डरने वाले नहीं।


पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा के लिए जिस व्यक्ति को कांग्रेस ने साधारण कार्यकर्ता बताकर टिकट दिया, उसके शपथपत्र में लगभग 230 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सामने आई है। वर्तमान सरकार में उनके पास कई करोड़ रुपये के ठेके भी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही कई नेता यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि यही साधारण कार्यकर्ता की परिभाषा है तो वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे अन्य कार्यकर्ताओं को भी ऐसा अवसर क्यों नहीं मिला।

 

ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने एक सैद्धांतिक निर्णय लेते हुए राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। इससे कांग्रेस को स्वाभाविक रूप से बड़ा अवसर मिला। राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली जाकर अपना पक्ष रख रहे थे और कई नेताओं को मुख्यमंत्री की ओर से भरोसा दिलाया जाता रहा कि उनके नाम पर विचार किया जा रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा की ओर से   सार्वजनिक रूप से अपनी पीड़ा व्यक्त करना इस बात का प्रमाण है। आज सरकार मंत्रिमंडल से नहीं बल्कि मित्र मंडल से चलाई जा रही है। फैसले मंत्रिमंडल की बैठकों में नहीं बल्कि एक सीमित मित्र मंडल के बीच लिए जा रहे हैं, जहां यह तय होता है कि किसे लाभ देना है और किसे किनारे करना है। नेता विपक्ष ने कहा कि अवैध पेड़ कटान, वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सत्ता में आते ही जांच करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सिंह सुक्खू ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी लोगों के बीच मशहूर और अच्छी पैठ वाले कार्यकर्ताओं को टिकट दिए जाएंगे। संगठन से निकला एक कार्यकर्ता राज्यसभा सदस्य बना है। आज कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और खुशी का दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने एक आम कार्यकर्ता को राज्यसभा का टिकट देकर स्पष्ट संकेत दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी आम कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई और कांग्रेस संगठन से निकले कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार जनता से जुड़ी योजनाएं लेकर आगे बढ़ रही है।

सुक्खू ने कहा कि अनुराग शर्मा के पास संपत्ति पिता की ओर से छोड़ी हुई है। इसे राजनीति से नहीं, मेहनत कर कमाया गया है। कार्यकर्ता आम ही होता है। आम कार्यकर्ता क्या करोड़पति नहीं हो सकता है। आम परिवार से कांग्रेस संगठन से निकले कार्यकर्ता अनुराग शर्मा को राहुल गांधी ने संसद सदस्य बनाकर भेजा है। इससे कार्यकर्ताओं में जोश है। 

Post a Comment

0 Comments