चुनावी तैयारी तेज, उम्मीदवार तय करने के लिए गठित होंगी कमेटियां
शिमला,ब्यूरो रिपोर्ट
राजीव भवन में गुरुवार को आयोजित प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति और राजनीतिक मामलों की कमेटी (पीएसी) की बैठक में पंचायत और नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों के चयन के लिए कमेटियां गठित करने और जिला स्तर पर पर्यवेक्षक तैनात करने का निर्णय लिया गया।
पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार को अधिकृत किया गया है। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत पर काम कर रही है और संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने पंचायत और नगर निकाय चुनाव में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को अवसर देने की बात कही।प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की घोषणा की जाएगी। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बताया कि राजीव भवन में स्थापित कनेक्ट सेंटर के जरिये पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच किसी भी तरह के तालमेल की कमी नहीं है।
राजीव भवन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर सभी मुद्दों पर राजनीतिक स्तर पर चर्चा होती है और समन्वय पूरी तरह मजबूत है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव पार्टी के आधार पर नहीं लड़े जाएंगे। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण विधेयक को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है और इसकी शुरुआत भी कांग्रेस ने ही की थी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 73वें और 74वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया था। इसके अलावा सोनिया गांधी के नेतृत्व में राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला परिषद, बीडीसी और पार्षद स्तर तक महिलाओं के उत्थान के लिए यदि किसी दल ने ठोस काम किया है तो वह कांग्रेस ही है। उन्होंने विपक्ष पर परिसीमन जैसे मुद्दों पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

0 Comments