निकाय चुनाव में फिर दिखा पुराना चुनावी ट्रेंड
काँगड़ा,ब्यूरो रिपोर्ट
कांगड़ा शहर की सियासत में इस बार भी वही परंपरा जारी रही जो पिछले कई दशकों से चली आ रही है। नगर परिषद के इस चुनाव में भी भाजपा को करारा झटका लगा है, जहां पार्टी समर्थित केवल एक उम्मीदवार वार्ड नंबर आठ से शुभम कुमार ही जीतने में कामयाब रहे। बाकी सभी सीटों पर भाजपा समर्थितों को हार का सामना करना पड़ा।
इस चुनाव में नगर परिषद के तीनों पूर्व अध्यक्षों ने एक बार फिर वापसी करते हुए अपनी जीत का जलवा बरकरार रखा है। अब सारा दारोमदार आगामी समीकरणों पर टिक गया है। नौ सदस्यीय नगर परिषद कांगड़ा में शहर की सियासत का ताज उसी के सिर सजेगा, जिसके पास पांच पार्षदों का स्पष्ट समर्थन होगा।
चुनाव परिणामों में शहर के पुराने दिग्गजों का दबदबा देखने को मिला। वार्ड दो से पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुमन वर्मा ने अपनी सीट बचाते हुए जीत का जलवा बरकरार रखा। वार्ड सात से पूर्व नप अध्यक्ष कोमल शर्मा ने अपनी पुरानी साख को कायम रखते हुए एक बार फिर जीत हासिल की।
इसके अलावा वार्ड नौ में पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा ने 302 वोट हासिल कर अपना जीत का सफर जारी रखा। वार्ड छह से पूर्व नप उपाध्यक्ष राजकुमारी ने भी मतदाताओं का भरोसा जीता है। चुनाव परिणाम में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा में शहर में विजय रैली निकाली। इसमें विजेता प्रत्याशियों के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
.jpg)
0 Comments