Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लड़ा जाएगा 2022 का विधानसभा चुनाव, सरकार के काम पर संगठन की मुहर

शिमला,रिपोर्ट

2022 में होने वाला हिमाचल विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। प्रत्याशियों का चयन चुनाव समिति द्वारा किया जाता है और केंद्रीय पार्लियामैंटरी बोर्ड उसकी घोषणा करता है। यह बात भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कही।


शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ही भाजपा का चेहरा होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन व सरकार में कोई बदलाव नहीं होगा। इसकी कोई जरूरत भी नहीं और न ही संभावना है।

रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा की 3 दिवसीय चिंतन बैठक में सभी 2017 के प्रत्याशियों एवं विधायकों ने अपना रिपोर्ट कार्ड पार्टी को सौंपा है और उसमें अपनी 3 वर्ष की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों का ब्योरा दिया है, साथ ही उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की कमियां भी सरकार के सामने रखी हैंं, जिनको जल्द पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी अपना रिपोर्ट कार्ड पार्टी को सौंपा। वहीं प्रभारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ स्तर तक नई ऊर्जा के साथ जुट जाएं और हिमाचल में नया इतिहास बनाएं। 2022 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाएं।

रणधीर शर्मा ने कहा कि सेवा ही संगठन भाग-2 की समीक्षा में विधायक राकेश जम्वाल, रविंदर धीमान एवं मुलख राज प्रेमी ने सराहनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहीं कोविड-19 संक्रमित मरीजों की सहायता की तो कहीं मृतकों का दाह-संस्कार भी किया। उनके इस कार्य को सभी प्रभारियों ने भी सराहा।

रणधीर शर्मा ने कहा कि बैठक में सभी 17 प्रकोष्ठों का भी वृत्त लिया गया और वे भी अपने मंडल स्तर की कार्यकारिणी का गठन जल्द करेंगे। महिला मोर्चा ने मास्क वितरण का कार्य किया और युवा मोर्चा में सैनिटाइजेशन का कार्य किया।

कई स्थानों पर युवा मोर्चा ने अपनी गाडिय़ां भी प्रशासन को मरीजों की सेवा के लिए दीं। जब कोरोना समाप्त हो जाएगा तो सभी मोर्चे अपने-अपने क्षेत्र में सम्मेलन व रैलियां भी करेंगे। युवा मोर्चा वन बूथ 20 यूथ, महिला मोर्चा वन बूथ 20 सखियां, किसान मोर्चा वन बूथ 15 किसान प्रहरी का कार्य करेंगे और उनका विस्तारक योजना के माध्यम से सत्यापन भी करेंगे।

भाजपा ने संगठनात्मक जिला के मंत्री प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। जिला चम्बा एवं देहरा के प्रभारी वन मंत्री राकेश पठानिया होंगे। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार जिला कांगड़ा एवं नूरपुर, परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर जि़ला पालमपुर, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर लाहौल-स्पीति एवं सुंदरनगर, तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा जिला कुल्लू, राजस्व मंत्री महेंंद्र सिंह ठाकुर जिला मंडी, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज जिला किन्नौर एवं महासू, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजिंद्र गर्ग जिला हमीरपुर, सामाजिक न्याय मंत्री सरवीण चौधरी जिला ऊना, कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर जिला बिलासपुर, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी जिला सोलन एवं शिमला तथा स्वास्थ्य मंत्री राजीव सहजल जिला सिरमौर के मंत्री प्रभारी होंगे।

रणधीर शर्मा ने कहा कि सभी मोर्चे 5 जुलाई को अपने अध्यक्ष एवं महामंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री से बैठक भी करेंगे, जिसमें वे अपनी समस्याएं बताएंगे।

Post a Comment

0 Comments

Chandra Grahan 2026: आज लगेगा साल का पहला चंद्रग्रहण, 9 घंटे पहले शुरू होगा सूतक