मंडी महाशिवरात्रि: देश-विदेश की संस्कृति का अनोखा संगम
मंडी,ब्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी में शुक्रवार शाम अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत निकली भव्य अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक परेड ने देश-दुनिया की संस्कृति की झलक नजर आई। इस आयोजन ने शहर को रंग, संगीत और लोक संस्कृति के अनूठे संगम से सराबोर कर दिया। 35 सांस्कृतिक दलों की भागीदारी से सजी यह परेड उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू होकर सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर तक पहुंची।
मार्ग के दोनों ओर माैजूद भीड़ ने देश-विदेश की इस सांस्कृतिक झांकी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इससे पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सबसे आगे तिरंगा शान से लहराता रहा। इसके पीछे देश-विदेश के 35 सांस्कृतिक दल के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में सजकर अपने-अपने देश और प्रदेश की लोक संस्कृतियों की जीवंत झलक पेश करते हुए आगे बढ़े। अफ्रीकी देशों के कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुति पर युवाओं ने झूमकर स्वागत किया।नेपाल और कजाकिस्तान के दलों ने अपनी पारंपरिक धुनों से दर्शकों का मन मोह लिया। दर्शकों ने पूरे मार्ग में इन यादगार क्षणों को मोबाइल फोन में कैद किया। अर्जेंटीना के कलाकारों के फायर डांस ने दर्शकों में रोमांच भर दिया। रूस के कलाकारों ने एलईडी डांस के जरिए आधुनिक रोशनी और पारंपरिक संगीत का अनूठा संगम दिखाया।
राष्ट्रीय दलों में राजस्थान के घूमर, पंजाब के गतका दल ने हैरान करने वाले करतब और असम के बिहू की झलक ने परेड में अलग रंग भरे। हिमाचल के शिमला, कुल्लू, किन्नौर और चंबा के कलाकारों ने लोकवाद्य यंत्रों की मधुर थाप पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर स्थानीय संस्कृति की गरिमा को सामने रखा। परेड में विधायक चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन और एसपी विनोद कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।देश के सात राष्ट्रीय दलों में राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब के दो दल, असम और मणिपुर के कलाकार शामिल रहे। प्रदेश के सात जिलों शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और सिरमौर के सांस्कृतिक दलों ने भी अपनी लोक परंपराओं की छटा बिखेरी। इसके अतिरिक्त मंडी जिला के पांच स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने भी परेड में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मांडव शो भी आकर्षण का विशेष केंद्र रहा।
.png)

0 Comments