Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

दिल्ली पुलिस को रोकने के मामले की हो निष्पक्ष जांच, दोषी अफसरों पर कार्रवाई की मांग

                          भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जवाबदेही तय करना जरूरी

शिमला,ब्यूरो रिपोर्ट 

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में कथित हस्तक्षेप के मामले को लेकर भाजपा ने गुरुवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। नेता विपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लोक भवन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पूरे घटनाक्रम की केंद्र सरकार के माध्यम से उच्चस्तरीय जांच कराने, मुख्यमंत्री कार्यालय की भूमिका की स्वतंत्र जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। 

राज्यपाल से मुलाकात के बाद जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मामला केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि कानून के शासन और देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस की वैधानिक कार्रवाई में हस्तक्षेप कर संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित एआई मिट-2026 के दौरान यूथ कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने कथित रूप से अर्धनग्न प्रदर्शन कर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के इशारे पर किया गया और बाद में संबंधित लोगों को हिमाचल में शरण दी गई। जयराम ने कहा कि इस मामले में दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आरोपी हिमाचल सदन में ठहराए गए और कमरों की बुकिंग मुख्यमंत्री कार्यालय के माध्यम से कराई गई। उन्होंने कहा कि यह संगठित संरक्षण का संकेत है। 

नेता विपक्ष ने बताया कि दिल्ली पुलिस को सूचना मिलने पर टीम रोहड़ू के चांशल वैली क्षेत्र में पहुंची, जहां से सौरभ सिंह (अमेठी), अरवाज (कानपुर) और सिद्धार्थ (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।उन्होंने सवाल उठाया कि हिमाचल से स्थायी संबंध न होने के बावजूद ये लोग यहां कैसे पहुंचे और क्या उन्हें राजनीतिक संरक्षण दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मपुर पहुंचने पर दिल्ली पुलिस को रोका गया और रात 8:11 बजे उनके खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कर दी गई, जबकि पुलिस के पास वैधानिक दस्तावेज, सीजर रिपोर्ट और न्यायालयीन आदेश मौजूद थे। मजिस्ट्रेट द्वारा ट्रांजिट रिमांड दिए जाने के बावजूद पुलिस टीम को आगे बढ़ने से रोका गया और वाहन जब्त करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि करीब 24 घंटे तक दोनों राज्यों की पुलिस आमने-सामने रही, जो संघीय ढांचे पर सीधा प्रहार है। प्रतिनिधिमंडल में विधायक विनोद कुमार, बलबीर वर्मा, जीत राम कटवाल, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, प्रदेश पदाधिकारी कुसुम सदरेट, कर्ण नंदा, रमा ठाकुर, सुदीप महाजन, जिला अध्यक्ष केशव चौहान, संजय सूद, मंडल अध्यक्ष रजीत पंडित, संजीव चौहान शामिल रहे।


Post a Comment

0 Comments

सीएम सुक्खू ने आईजीएमसी में थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन का किया लोकार्पण